बिलासपुर। नकली खाद्य सामग्री की बिक्री की सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को चाटीडीह स्थित माधव ट्रेडर्स में जांच की। कार्रवाई के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के प्रतिनिधि की मौजूदगी में ब्रूक बॉन्ड ताजा चाय 250 ग्राम के 23 पैकेट जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
जांच के दौरान फर्म द्वारा मौके पर संबंधित खरीदी बिल प्रस्तुत नहीं किया जा सका। विभाग ने खरीदी बिल प्रस्तुत करने के निर्देश के साथ मामले की आगे जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध दस्तावेजों और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभिहित अधिकारी के ज्वाइन करते ही विभाग दिख रहा एक्शन में
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में आर.आर. देवांगन के अभिहित अधिकारी के रूप में ज्वाइन करने के बाद कार्रवाई को लेकर सक्रियता नजर आ रही है। लगातार जांच और निरीक्षण के बीच चाटीडीह की यह कार्रवाई भी चर्चा में है। हालांकि जब्त चाय के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप है अथवा नहीं।
विभाग का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
कार्रवाई के दौरान आर.आर. देवांगन, अभिहित अधिकारी, अविषा मरावी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा प्रतीक तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
अब नजर जांच रिपोर्ट और खरीदी बिल पर है—क्या माधव ट्रेडर्स की सप्लाई चेन तक पहुंचेगी विभागीय जांच?







