बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले बिलासपुर में कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में नजर आया। एक ओर खनिज विभाग ने रात के समय औचक निरीक्षण कर अवैध मुरुम उत्खनन का मामला पकड़ा, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग ने 15 अगस्त के शुष्क दिवस से पहले अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
रात के अंधेरे में अवैध मुरुम उत्खनन, कछार में पकड़े गए मशीन-वाहन
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने 14 अगस्त की रात कोनी, तुरकाडीह, सेंदरी एवं कच्छार क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम कच्छार में मुरुम का अवैध उत्खनन करते एक जेसीबी मशीन और एक हाइवा वाहन पाया गया।
मौका जांच के दौरान उत्खनन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खनिज अमले ने संबंधित मशीन/वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी की अभिरक्षा में रखवा दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
शुष्क दिवस से पहले शराब के अवैध कारोबार पर भी बड़ी चोट
इधर आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ रायपुर पी.एस. एल्मा के निर्देशानुसार और कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने 15 अगस्त के शुष्क दिवस से पहले अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
जिला स्तरीय उड़नदस्ता ने सीपत क्षेत्र में सूरज वर्मा के संज्ञान आधिपत्य से 150 लीटर तथा निलेश खरे के संज्ञान आधिपत्य से 160 लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा बरामद की। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
वहीं कोटा क्षेत्र में संजय कुमार पात्रे के कब्जे से 18.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा बरामद हुई। बिल्हा एवं सिरगिट्टी क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए कमल नेताम के पास से 8 लीटर तथा रमशीला धुरी के पास से 9 लीटर अवैध कच्ची महुआ मदिरा जब्त की गई। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
कलेक्टर के निर्देश पर दो मोर्चों पर प्रशासन का एक्शन
खनिज और आबकारी विभाग की इन कार्रवाइयों से साफ है कि कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर बिलासपुर जिला प्रशासन अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रहा है। खासकर स्वतंत्रता दिवस जैसे संवेदनशील अवसर से पहले अवैध शराब और खनिज के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई को प्रशासन की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है।
कार्रवाई में जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी विशेश्वर साव, सहायक जिला आबकारी अधिकारी, बिल्हा वृत्त प्रभारी छबि लाल पटेल, तखतपुर वृत्त प्रभारी धर्मेन्द्र शुक्ला, कोटा वृत्त प्रभारी भूपेन्द्र जामडे, सीपत वृत्त प्रभारी तेलेस्फोर एक्का सहित विभागीय अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने भी स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के खिलाफ प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।







