बिलासपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान’ में बिल्हा विकासखंड के स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के बच्चों ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए करीब 10 हजार राखियां और शुभकामना संदेश तैयार कर भेजे हैं।
अभियान के तहत इससे पहले 5 अगस्त को 4100 राखियां भेजी गई थीं। वहीं 14 अगस्त को विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, सहायक खंड शिक्षा अधिकारी दीप्ति गुप्ता एवं मुकेश अग्रवाल ने संकलित राखियां एवं शुभकामना संदेश भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की जिला संगठन आयुक्त डॉ. पूनम सिंह एवं प्रतिनिधियों को सौंपे।
राखियों में सिर्फ धागा नहीं, सैनिकों के लिए सम्मान और दुआ भी
विद्यार्थियों ने राखियों के साथ अपने हाथों से शुभकामना संदेश लिखकर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों की ओर से भेजे जा रहे ये रक्षा-सूत्र सीमा पर देश की रक्षा कर रहे सैनिकों तक पहुंचकर उन्हें यह एहसास कराएंगे कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
अभियान 15 अगस्त तक बिल्हा विकासखंड के विद्यालयों में जारी रहेगा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का यह प्रयास विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ सेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस अवसर पर करमा हा के प्राचार्य आलोक पांडेय, महमंद संकुल की व्याख्याता लता सोनी सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
बिल्हा के बच्चों का यह रक्षा-सूत्र संदेश साफ है—सीमा पर जवान अकेले नहीं हैं, देश का हर बच्चा उनके साथ खड़ा है।







