बिलासपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ के आगाज के साथ ही न्यायधानी बिलासपुर भक्ति और उल्लास के रंग में सराबोर हो गई है। नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हुए चार दिवसीय महापर्व के पहले दिन अरपा नदी के एक किलोमीटर लंबे स्थायी छठ घाट पर भव्य ‘अरपा महाआरती’ का आयोजन किया गया। कार्तिक मास में दीपदान के विशेष महत्व को देखते हुए समिति और श्रद्धालुओं द्वारा 5100 दीप प्रवाहित किए गए, जिससे पूरा अरपा तट अलौकिक रोशनी से जगमगा उठा।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस भव्य धार्मिक आयोजन में पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों सहित शहर के प्रबुद्धजनों ने एक साथ मां अरपा की आराधना की। महाआरती में प्रमुख रूप से विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक दिलीप लहरिया, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रजनीश सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी सहित कांग्रेस नेता विजय केसरवानी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छठ माता के भक्तों के साथ मिलकर दीपदान किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
आतिशी फायर शो और पंथी नृत्य ने मोहा मन अरपा महाआरती के दौरान छठ घाट पर आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जहां अलग-अलग टोलियों में पहुंचे श्रद्धालु छठी मैया के जयकारों के साथ नदी में दीप प्रवाहित कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर पारंपरिक पंथी नृत्य, आकर्षक रंगोलियों और भव्य आतिशी फायर शो ने उपस्थित जनसैलाब को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बिलासपुर पुलिस का विशेष ट्रैफिक प्लान: व्रतियों को मिली बड़ी राहत महाआरती के सफल समापन के बाद अब आगामी दिनों में छठ घाट पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने कमर कस ली है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है:
- सिर पर ‘दौरी’ ले जाने वाले व्रतियों को विशेष छूट: पुलिस ने मानवीय पहल करते हुए सिर पर पूजा की टोकरी (दौरी) लेकर चलने वाले व्रतियों और उनके परिजनों के वाहनों को विशेष अनुमति दी है। ऐसे वाहन छठ घाट के बिल्कुल करीब तक जा सकेंगे, ताकि व्रतियों को पैदल लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
- रूट डायवर्जन और भारी वाहनों पर रोक: जाम की स्थिति से निपटने के लिए सरकंडा-मोपका और गुरु नानक चौक की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग तय किए गए हैं। शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि छोटे और दोपहिया वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
- 8 से अधिक पार्किंग स्थल: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट के आसपास 8 से अधिक पार्किंग जोन बनाए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।







