राष्ट्रीय अधिवेशन में विशेष प्रस्तुति का न्योता, 11 अक्टूबर को दिव्य ज्योति जागरण संस्थान में भी देंगे भजन
बिलासपुर। उम्र महज 11 साल, लेकिन आवाज ऐसी कि बड़े-बड़े मंच भी तालियों से गूंज उठें। बिलासपुर के बाल भजन गायक तनिष्क वर्मा अब देहरादून में अपनी सुर साधना का जलवा बिखेरेंगे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से सम्मानित हो चुके तनिष्क को ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम न्यूज़पेपर फेडरेशन के राष्ट्रीय अधिवेशन में विशेष प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है।
10 अक्टूबर को देहरादून में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन में तनिष्क भजन की विशेष प्रस्तुति देंगे। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार छाबड़ा ने उन्हें इस प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया है। इसके अगले दिन 11 अक्टूबर को देहरादून स्थित दिव्य ज्योति जागरण संस्थान में भी तनिष्क अपनी भजन-स्वर लहरी से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
महाकुंभ से लिंगराज मंदिर तक, बड़े मंचों पर छोड़ी छाप
तनिष्क की उपलब्धियों की फेहरिस्त उनकी उम्र से कहीं बड़ी है। महज 11 वर्ष की उम्र में वह देश के कई प्रतिष्ठित धार्मिक और सांस्कृतिक मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रयागराज महाकुंभ, भुवनेश्वर का विश्वप्रसिद्ध लिंगराज मंदिर, बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर और पुरी की ऐतिहासिक रथ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में उनकी प्रस्तुति हो चुकी है।
छोटी उम्र, बड़ी पहचान
भजन गायन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे तनिष्क ने अपनी प्रतिभा से न केवल राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, बल्कि बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम भी गौरवान्वित किया है। अलग-अलग प्रतिष्ठित मंचों से मिल रहे निमंत्रण इस बात का संकेत हैं कि उनकी आवाज अब स्थानीय मंचों की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रही है।
देहरादून में होने वाली आगामी प्रस्तुति तनिष्क के लिए सिर्फ एक और कार्यक्रम नहीं, बल्कि बिलासपुर की बाल प्रतिभा के राष्ट्रीय मंच पर पहुंचने का एक और बड़ा पड़ाव होगी।







