बिलासपुर: छेड़छाड़ के आरोप में मेडिकल कॉलेज रायपुर के HOD डॉक्टर अशीष सिन्हा की अग्रिम जमानत याचिका हाई कोर्ट से खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने एक महत्वपूर्ण आदेश पारित करते हुए मेडिकल कॉलेज रायपुर की पीजी छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपित मेडिसिन विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. अशीष सिन्हा की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि जांच के प्रारंभिक चरण में आरोपी को अग्रिम जमानत देना साक्ष्य से छेड़छाड़ और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका उत्पन्न कर सकता है।

मुख्य न्यायाधीश ने आदेश में स्पष्ट किया कि दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने और केस डायरी का अवलोकन करने के बाद यह स्पष्ट होता है कि आवेदक के विरुद्ध लगाए गए आरोप गंभीर प्रकृति के हैं। केस डायरी से यह भी ज्ञात होता है कि पीड़िता द्वारा पूर्व में भी विभागीय स्तर पर कई शिकायतें की गई थीं।

हालांकि विभाग की विशाखा समिति द्वारा दी गई रिपोर्ट में सीधे तौर पर आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं, परंतु व्हाट्सएप चैट के कुछ स्क्रीनशॉट्स यह संकेत देते हैं कि डॉ. सिन्हा ने पीड़िता पर अनुचित टिप्पणियाँ की थीं। कोर्ट ने माना कि यह आचरण एक वरिष्ठ चिकित्सक एवं विभागाध्यक्ष जैसे गरिमामयी पद के अनुरूप नहीं है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि इस स्तर पर आरोपी द्वारा गवाहों को प्रभावित करने या निष्पक्ष जांच में बाधा पहुंचाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एफआईआर प्रथम दृष्टया प्रेरित या विलंबित नहीं प्रतीत होती, और उसमें दर्ज घटनाओं का क्रम एक प्रथम दृष्टया मामला दर्शाता है।

मामले की पृष्ठभूमि

रायपुर मेडिकल कॉलेज में पीजी कर रही एक छात्रा ने मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ. अशीष सिन्हा पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। पहले उसने विभागीय अधिकारियों और विशाखा समिति से शिकायत की, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई न होने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। गिरफ्तारी से बचने के लिए डॉ. सिन्हा ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे खारिज कर दिया गया है।

यह आदेश न्यायिक व्यवस्था की संवेदनशीलता और महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मामले की निष्पक्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में यह फैसला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

  • Related Posts

    बिलासपुर बनेगा सुरों की राजधानी: 550 से अधिक कलाकारों के संग सजेगा ‘नाद मंजरी सीजन-3’, चार दिनों तक गूंजेगा संगीत का महाकुंभ

    बिलासपुर।छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरती पर एक बार फिर संगीत, कला और प्रतिभा का विराट संगम होने जा रहा है। न्यूज़ हब इनसाइट केयर फाउंडेशन (NHICF) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की संगीत प्रतियोगिता “नाद मंजरी सीजन-3” का भव्य चार दिवसीय आयोजन 26 से 29 जून तक कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम, बिलासपुर में किया जाएगा। देशभर से आए 550 से अधिक कलाकार विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर मंच को सुर, ताल और लय के अद्भुत रंगों से सराबोर करेंगे। आयोजकों के अनुसार, नाद मंजरी अब केवल…

    Continue reading
    बिलासपुर: छठ घाट पर गूंजा एकता का संदेश: पाटलिपुत्र मंच की नई टीम ने ली शपथ, संस्कृति और सेवा का लिया संकल्प

    बिलासपुर। छठी मईया के जयघोष, अमृत वर्षा और हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच रविवार की रात छठ घाट परिसर सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक ऊर्जा का केंद्र बन गया। पाटलिपुत्र सांस्कृतिक विकास मंच की नवगठित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में समाज, संस्कृति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नवगठित टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए कहा कि “संस्कृति समाज को जोड़ने वाली सबसे बड़ी शक्ति है। जो समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *