बिलासपुर: विकास संस्कृति साहित्य अकादमी, विधाननगर बिलासपुर द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय अधिवेशन एवं विकास संस्कृति महोत्सव-2026’ में देश के प्रख्यात साहित्यकार शब्दर्षि डॉ. विनय कुमार पाठक को प्रतिष्ठित “अभियन्ता सूर्यभान सिंह नामित साहित्य-महोदधि सम्मान” से विभूषित किया जाएगा।
अकादमी द्वारा यह भव्य आयोजन 15 सितम्बर 2026 को भारत रत्न सर डॉ. मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैया की 166वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मंच पर श्रीयुत् श्रीकान्त सिंह के सौजन्य से डॉ. पाठक को सम्मान-पत्र के साथ 10,000 रुपये (दश सहस्र रुपये) की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
भाषाशास्त्र एवं अनुसंधान में उत्कृष्ट अवदान
डॉ. विनय कुमार पाठक को यह सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर भाषाशास्त्र, साहित्यशास्त्र, शोधप्रविधि एवं विविध विमर्शों के प्रर्वतन के क्षेत्र में उनकी अति विशिष्ट एवं दूरगामी उपलब्धियों के लिए प्रदान किया जाएगा।
अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रकवि एवं महाकवि राजर्षि डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि डॉ. पाठक का हिंदी और छत्तीसगढ़ी साहित्य में योगदान अतुलनीय है। उनके इस सम्मान से समूचे साहित्य जगत में हर्ष की लहर है।







