सुशासन दिवस के बीच समग्र शिक्षा मिशन कार्यालय अंधेरे में!
बिलासपुर। एक ओर शासन “सुशासन दिवस” मनाकर बेहतर प्रशासन और सुविधाओं के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला पंचायत भवन में संचालित समग्र शिक्षा मिशन कार्यालय पिछले दो दिनों से अंधेरे और उमस से जूझ रहा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे दफ्तर की व्यवस्था चरमरा गई है और कर्मचारी-अधिकारी भीषण गर्मी में काम करने को मजबूर हैं।
मिली जानकारी के अनुसार बिजली व्यवस्था ठप होने के बाद कार्यालयों में पंखे, कूलर और जरूरी इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम बंद पड़े हैं। हालात इतने खराब हो गए कि एक कर्मचारी जिला पंचायत सीईओ के विजिटर रूम में जाकर “हवा खाते” दिखाई दिया, जबकि जिला मिशन समन्वयक ओम पांडे के कलेक्ट्रेट के किसी अन्य कार्यालय में होने की जानकारी मिली।
मामले को लेकर जब NHI ने जानकारी ली तो विभाग प्रमुख ओम पांडे ने बताया कि ट्रांसफार्मर पिछले दो दिनों से खराब है और इसे ठीक करने का कार्य जारी है। उनके अनुसार अब ट्रांसफार्मर शुक्रवार 30 मई तक बन पाएगा।
इधर शहर में इस मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन सा ट्रांसफार्मर है जिसे सुधारने में तीन दिन लग रहे हैं? आम जनता का कहना है कि जब जिला स्तर के महत्वपूर्ण कार्यालयों का यह हाल है, तो आम नागरिकों की समस्याओं का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस समय प्रदेश में “सुशासन” के दावे किए जा रहे हैं, उसी दौरान सरकारी कार्यालयों में मूलभूत सुविधाएं तक ठप क्यों हैं? कर्मचारी गर्मी और उमस से परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार व्यवस्था को पटरी पर लाने में सुस्ती दिखा रहे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस अव्यवस्था पर कब संज्ञान लेता है और जिला पंचायत भवन में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल होती है या नहीं।















