भजन, साहित्य और बाल प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, होनहार कलाकारों का हुआ सम्मान
बिलासपुर। अशोक नगर स्थित अर्जुन रेसिडेंसी में गणेशोत्सव के अवसर पर भक्ति, साहित्य और संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कछवाहा की नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में गणपति वंदना, भजनों और बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को देर तक बांधे रखा। पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया और कार्यक्रम के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थावे विद्यापीठ, गोपालगंज के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक रहे। वहीं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. राघवेन्द्र दुबे, डॉ. विष्णु कुमार तिवारी एवं डॉ. विवेक तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
भजनों ने बांधा भक्ति का समां
समारोह का प्रमुख आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। सुप्रसिद्ध भजन गायक मास्टर तनिष्क वर्मा और मयंशी खंडेलवाल ने भगवान श्री गणेश सहित देवी-देवताओं के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। उनकी सुरीली आवाज ने ऐसा माहौल बनाया कि श्रोता भक्तिरस में डूब गए। प्रस्तुतियों के बीच तालियों की गड़गड़ाहट और गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
बाल प्रतिभाओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने वाले होनहार बाल कलाकारों को अतिथियों द्वारा
स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठकवने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
साहित्य और कला जगत की रही मौजूदगी
समारोह में प्रख्यात गायक राम निहोरा राजपूत, दीपक दुबे, शीतल प्रसाद पाटनवार और बालगोविंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, कलाकार, कलाप्रेमी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री गणेश की भव्य आरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन ने गणेशोत्सव को भक्ति के साथ कला, साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हुए एक यादगार स्वरूप प्रदान किया।







