कलेक्टर संजय अग्रवाल की सख्ती से खनिज चोरों में दहशत
बिलासपुर, 27 मई 2027। जिले में अवैध खनन, परिवहन और कोयला भंडारण करने वालों पर कलेक्टर के सख्त तेवर अब खुलकर दिखाई देने लगे हैं। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों को जब्त कर लिया, जबकि एक अवैध कोल डिपो को सील कर लगभग 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया है। इस बड़ी कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम ने 26 मई को ग्राम लिम्हा क्षेत्र में संचालित मेसर्स कश्यप कोल डिपो पर दबिश दी। जांच में सामने आया कि डिपो की भंडारण अनुज्ञा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से संचालन जारी था। इसके बाद विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में रखे करीब 1500 मीट्रिक टन कोयले को जब्त कर डिपो को सील कर दिया। मौके पर मौजूद ट्रेलर वाहन और लोडर मशीन पर भी कार्रवाई की गई।
इसी दौरान शासकीय भूमि पर बिना अनुमति अवैध उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीनें पकड़ी गईं। कार्रवाई के दौरान दो हाईवा वाहन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद विभाग ने वाहनों को मौके पर ही सील कर दिया। जब्त ट्रेलर और जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना की अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने 27 मई को पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्रों में भी सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान पचपेड़ी क्षेत्र में अवैध चूना पत्थर परिवहन करते एक हाईवा तथा लावर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते दो हाईवा वाहनों को जब्त किया गया।
सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध खनन और कोयला कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर की सख्ती से खनिज चोरों में दहशत
लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि जिला प्रशासन अब अवैध कारोबार पर पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन की इस आक्रामक कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में भारी दहशत का माहौल है।















