पुराने कम्पोजिट भवन के कर्मचारियों ने कलेक्टर से की मरम्मत व मूलभूत सुविधाओं की मांग
बिलासपुर, 30 जुलाई। जिला मुख्यालय स्थित पुराने कम्पोजिट भवन में कार्यरत कर्मचारियों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर भवन की मरम्मत एवं कर्मचारियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि पुराने कम्पोजिट भवन, नए कम्पोजिट भवन एवं कलेक्ट्रेट भवन के कई हिस्सों में मरम्मत और रंग-रोगन की आवश्यकता है। कर्मचारियों का कहना है कि केवल बाहरी दीवारों की ही नहीं, बल्कि कार्यालयों के अंदर की स्थिति भी काफी खराब हो चुकी है, जिससे कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने यह भी मांग की है कि पुराने कम्पोजिट भवन के पीछे खाली पड़ी भूमि पर कर्मचारियों के वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग (वाहन स्टैंड) का निर्माण कराया जाए। इसके अलावा भवन में शौचालयों की मरम्मत एवं पुरुष कर्मचारियों के लिए नए शौचालय की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
ज्ञापन में बिजली व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है। कर्मचारियों ने भवन के लिए अलग से ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।
इसके अतिरिक्त पुराने कम्पोजिट भवन के पास लगा ट्रैफिक सिग्नल लंबे समय से खराब स्थिति में है। कर्मचारियों ने इसकी तत्काल मरम्मत अथवा नया ट्रैफिक सिग्नल स्थापित कराने की मांग भी प्रशासन से की है।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि कर्मचारियों के हितों एवं बेहतर कार्य वातावरण को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। ज्ञापन पर पुराने कम्पोजिट भवन में कार्यरत कर्मचारियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।







