रायपुर में गूंजा शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश: राज्यभर की प्रतिभाओं का भव्य सम्मान, ‘बांसगीत’ ने मोहा मन

यादव प्रतिभा सम्मान समारोह–2026 में मेधावी विद्यार्थी, डॉक्टर, पीएससी अधिकारी, नीट सफल अभ्यर्थी, खिलाड़ी और समाज गौरव हुए सम्मानित

रायपुर, 26 जुलाई। छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादश उत्थान यादव कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित “यादव प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक एकता और प्रतिभा सम्मान का अनुपम संगम बन गया। प्रदेशभर से आए मेधावी विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवा, चिकित्सक, खिलाड़ी, कलाकार, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों का भव्य एवं गरिमामय सम्मान किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त सत्र न्यायाधीश ताराचंद यदु तथा अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी बिसराराम यादव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अलका यादव (प्राचार्य, विष्णु कांति महाविद्यालय, लोरमी), वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती शोभा यादव तथा छत्तीसगढ़ की सबसे कम उम्र की सरपंच सुश्री प्रीति जितेंद्र यादव विशेष रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, अभिभावक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं सामूहिक आरती के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। अतिथियों का स्वागत संघ के अध्यक्ष सुरेश यादव, सचिव प्रभाकर कांत यादव तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया।

10वीं–12वीं के मेधावी विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान

समारोह का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब रहा जब कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

कक्षा 12वीं में आशा यादव (97.40%) ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया, जबकि वैष्णवी यादव, अशुतोष यादव, लक्ष्मी नारायण यादव, हिमांशी यादव, चंदा यादव, सृजन यादव, श्वाति यादव, पूजा यादव एवं प्रिऐश यादव सहित अनेक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विशेष प्रोत्साहन सम्मान आदित्य यादव को भी प्रदान किया गया।

कक्षा 10वीं में हिमांसी सिंह यादव (98.80%), कल्पना यादव (98.67%) एवं विशाल यादव (98.33%) सहित 21 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

पीएससी अधिकारी, डॉक्टर और नीट सफल प्रतिभाओं का बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) के माध्यम से उप पुलिस अधीक्षक बने पंकज यादव, एमबीबीएस पूर्ण करने वाली डॉ. जागृति यादव, पीजी में चयनित डॉ. क्षितिज नीरज, एमबीबीएस गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. स्वास्तिक बर्गाहा, डॉ. आरुशी यादव, मयंक यादव एवं पार्थ यादव को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही नीट-2026 में सफलता प्राप्त करने वाले शिवम कुमार यादव, शोमिया यदु, कुनाल यादव एवं अख्यानी यादव को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

राष्ट्रीय खिलाड़ियों, कलाकारों और समाजसेवियों को भी मिला सम्मान

राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में आस्था यादव (राष्ट्रीय वॉलीबॉल), प्रतीक यादव (रणजी ट्रॉफी क्रिकेट), प्रीति यादव (राष्ट्रीय एथलेटिक्स), तोषील यादव (राष्ट्रीय फुटबॉल), छबीलाल यादव (राष्ट्रीय तैराक), रोहित कुमार यादव (शतरंज), संस्कृति यादव (राष्ट्रीय कराटे) तथा समृद्धि यादव (राष्ट्रीय भरतनाट्यम कलाकार) को सम्मानित किया गया।

सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यशोदा यादव (नशा मुक्ति अभियान), सुदर्शन यादव (निःशुल्क शिक्षा सेवा), मिताली यादव, शौरभ कुमार यादव, प्रीति जितेंद्र यादव, इंजीनियर अर्चना यादव, डॉ. सुनील यादव (राष्ट्रीय सुरक्षा पुरस्कार) तथा शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 39 वर्षों की सेवाएं देने वाले डॉ. आई.पी. यादव को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

बांसगीत’ की प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह का सबसे आकर्षक सांस्कृतिक क्षण यादव समाज की विलुप्तप्राय लोक परंपरा ‘बांसगीत’ की प्रस्तुति रही। गरियाबंद जिले के ग्राम मोहेरा से आए अमर सिंह यादव एवं उनकी टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया। समाज की इस सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण हेतु कलाकारों का विशेष सम्मान भी किया गया।

आधुनिक सोच के साथ समाज विकास का रोडमैप प्रस्तुत

कार्यक्रम के दौरान ललित यादव ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संघ की भावी योजनाओं, उद्देश्यों एवं सामाजिक गतिविधियों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से समाज विकास की योजनाओं को प्रस्तुत करने की इस पहल को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

अतिथियों ने शिक्षा और संस्कार को बताया सफलता की कुंजी

अपने उद्बोधन में डॉ. अलका यादव ने कहा कि “बांसगीत हमारी सांस्कृतिक पहचान है। इसे संरक्षित करना समाज का नैतिक दायित्व है। शिक्षा और संस्कृति ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं।”

मुख्य अतिथि ताराचंद यदु ने विद्यार्थियों से ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि यही सफलता का वास्तविक मार्ग है।

अध्यक्ष बिसराराम यादव ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज की सबसे बड़ी पूंजी है और शिक्षा, अनुशासन, राष्ट्रसेवा तथा समाजसेवा ही जीवन की वास्तविक उपलब्धियां हैं।

एकता, शिक्षा और संस्कृति का प्रेरणादायी संदेश

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताते हुए कहा कि ऐसे समारोह प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाते हैं तथा समाज को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमापूर्ण संचालन डॉ. सुनील कुमार यादव (बिलासपुर) ने किया, जबकि अंत में संघ के सचिव प्रभाकर कांत यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभाओं एवं उपस्थित समाजजनों का आभार व्यक्त किया।

शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक समरसता और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने वाला यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के यादव समाज के लिए एक नई ऊर्जा, नई सोच और सामाजिक एकजुटता का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

 

  • पंकज खण्डेलवाल

    Pankaj Khandelwal is the Founder & Principal Editor of News Hub Insight (NHI). He is an independent journalist with expertise in governance, education, public policy, civic issues and investigative reporting. His reporting is based on accuracy, public interest and responsible journalism. Every article published under his editorial supervision follows News Hub Insight's Editorial Policy, Fact Check Policy and Correction Policy.

    Related Posts

    15 सितम्बर को डॉ. विनय कुमार पाठक होंगे ‘साहित्य-महोदधि सम्मान’ से अलंकृत; मिलेगी 10 हजार की सम्मान राशि

    बिलासपुर: विकास संस्कृति साहित्य अकादमी, विधाननगर बिलासपुर द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय अधिवेशन एवं विकास संस्कृति महोत्सव-2026’ में देश के प्रख्यात साहित्यकार शब्दर्षि डॉ. विनय कुमार पाठक को प्रतिष्ठित “अभियन्ता सूर्यभान सिंह नामित साहित्य-महोदधि सम्मान” से विभूषित किया जाएगा। अकादमी द्वारा यह भव्य आयोजन 15 सितम्बर 2026 को भारत रत्न सर डॉ. मोक्षगुण्डम विश्वेश्वरैया की 166वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक मंच पर श्रीयुत् श्रीकान्त सिंह के सौजन्य से डॉ. पाठक को सम्मान-पत्र के साथ 10,000 रुपये (दश सहस्र रुपये) की…

    Continue reading
    सोमा देवांगन की गिरफ्तारी पर भड़का पत्रकार महासंघ, पुलिस-प्रशासन को दो टूक चेतावनी—‘लड़ाई अब सड़क से सदन तक जाएगी’

    एसपी-आईजी से मिला प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन छत्तीसगढ़  प्रखर पत्रकार महासंघ का प्रतिनिधिमंडल, मुख्यमंत्री-गृहमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; निष्पक्ष जांच और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग बिलासपुर। स्वतंत्र पत्रकार सोमा देवांगन की गिरफ्तारी को लेकर पत्रकारों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। गिरफ्तारी के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ ने मोर्चा खोलते हुए पुलिस-प्रशासन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया। महासंघ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस महानिरीक्षक से मुलाकात कर मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *