अतीक के महिमामंडन का जवाब दें प्रतापगढ़ी, फिर नैतिकता की बात करें” : सुशांत शुक्ला
बिलासपुर। नीट परीक्षा मामले को लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए गए आरोपों का बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लिया गया है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो। पूरे मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक शुक्ला ने कहा कि जिस पार्टी ने वर्षों तक “गरीबी हटाओ” का नारा दिया, वह गरीबी दूर करने में असफल रही। आज वही कांग्रेस जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता बचाने के लिए केवल आरोपों की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य, महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा है। वहीं छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल देने का प्रभावी माध्यम बनी है।
इमरान प्रतापगढ़ी के बिलासपुर दौरे पर टिप्पणी करते हुए सुशांत शुक्ला ने कहा कि सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने राजनीतिक आचरण और फैसलों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतापगढ़ी पहले माफिया अतीक अहमद का महिमामंडन करते रहे हैं, इसलिए उन्हें नैतिकता का पाठ पढ़ाने से पहले अपने पुराने रुख पर जवाब देना चाहिए।
नक्सलवाद के मुद्दे पर भी विधायक ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “प्रतापगढ़ी बताएं कि हिडमा कौन था? उसी हिडमा ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की एक पूरी पीढ़ी को खत्म कर दिया। आज कांग्रेस का ही एक विधायक हिडमा को अपना आदर्श बताता है। क्या इस पर कांग्रेस अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी?”
उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और केवल आरोप-प्रत्यारोप से राजनीतिक विश्वास नहीं बनता। विपक्ष को गंभीर मुद्दों पर जिम्मेदार राजनीति करते हुए पहले अपने आचरण पर भी विचार करना चाहिए।















