3 एकड़ की अवैध कॉलोनी में उखाड़े गए बिजली पोल, 2 एकड़ में बनी सड़क, बाउंड्रीवाल और 4 मकान भी ढहाए गए
बिलासपुर। नगर पालिक निगम बिलासपुर ने शहर में फल-फूल रहे अवैध प्लाटिंग कारोबार पर एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए सकरी और उसलापुर क्षेत्र में बुलडोजर चलाया। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में अनूप चड्ढा और शिवराज सिंह द्वारा विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।
निगम की संयुक्त टीम ने सकरी के सैदा रोड स्थित लगभग 3 एकड़ भूमि पर अनूप चड्ढा द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश विभाग एवं नगर निगम की अनुमति के बिना विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्लाटिंग क्षेत्र में लगाए गए विद्युत पोल उखाड़े गए तथा बनाई गई सड़क को जेसीबी से तोड़ दिया गया।
वहीं ग्राम उसलापुर स्थित साईं मंगलम के समीप लगभग 2 एकड़ भूमि पर शिवराज सिंह द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी निगम का बुलडोजर चला। यहां सड़क, बाउंड्रीवाल और निर्माणाधीन चार अवैध मकानों को तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया।
शासकीय जमीन पर कब्जे की कोशिश भी नाकाम
कार्रवाई के दौरान निगम ने सकरी क्षेत्र में संजय भार्गव द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। शासकीय भूमि पर निर्मित मकान और बाउंड्रीवाल को हटाकर कब्जा मुक्त कराया गया।
अवैध कॉलोनाइजरों को निगम की चेतावनी
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार बिना स्वीकृत लेआउट, नक्शा और आवश्यक अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियां शहर की सुनियोजित विकास व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा हैं। ऐसी कॉलोनियों में भविष्य में सड़क, नाली, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीर समस्याएं खड़ी होती हैं। इसी कारण निगम ने अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।
कमिश्नर के निर्देश पर लगातार जारी है अभियान
निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर भवन शाखा और सभी जोनों की टीम अवैध कॉलोनियों एवं निर्माण कार्यों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई कर रही है। निगम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों को दरकिनार कर प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, जोन आयुक्त रंजना अग्रवाल, सहायक भवन अधिकारी आशीष पाण्डेय, उप अभियंता राघवेन्द्र सिंह राजपूत, जुगल किशोर सिंह, हितेश मक्कड़, हल्का पटवारी, अतिक्रमण प्रभारी, निगम अमला एवं पुलिस बल मौजूद रहे।















