कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग–पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, रेत माफियाओं में हड़कंप
बिलासपुर। कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं उप संचालक के मार्गदर्शन में जिला बिलासपुर में खनिज विभाग द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार सख्त कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में 31 जनवरी 2026 को पुलिस थाना रतनपुर एवं खनिज विभाग बिलासपुर की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम सरवनदेवरी एवं गढ़वट क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान खारंग नदी क्षेत्र से बिना वैध अनुमति के अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 04 ट्रैक्टर–ट्रॉली को रंगेहाथ पकड़ा गया।
संयुक्त टीम ने सभी वाहनों को जब्त कर थाना रतनपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया है। इस अचानक हुई कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध रेत खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर आगे भी ऐसी कठोर कार्यवाही लगातार जारी रहेगी, और किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।















