30 अगस्त को बिलासपुर के नेहरू नगर में जुटेंगे प्रदेशभर के पदाधिकारी, संगठन की एकजुटता और अधिकारों पर होगा मंथन
बिलासपुर। ओबीसी समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से संगठित एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ओबीसी महासभा केडर कैम्प 2026 का आयोजन आगामी 30 अगस्त 2026 को बिलासपुर में किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में आज तखतपुर में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई।
ओबीसी महासभा के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर आयोजित होने वाला यह केडर कैम्प सामुदायिक भवन, नेहरू नगर, बिलासपुर में संपन्न होगा। कार्यक्रम में ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम साहू सहित प्रदेशभर से संगठन के प्रमुख पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
बैठक में जिला अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि केडर कैम्प केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि ओबीसी समाज को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और संगठनात्मक शक्ति के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि कैम्प में सामाजिक न्याय एवं समानता, आरक्षण अधिकारों की रक्षा, शिक्षा का विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता तथा राजनीतिक एवं संवैधानिक चेतना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विभिन्न ओबीसी समुदायों को एक मंच पर लाकर संगठनात्मक एकता, भाईचारा और आपसी सहयोग को मजबूत करना महासभा की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के आर्थिक उत्थान तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रभावी प्रयासों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में सूर्य प्रकाश कश्यप ने कहा कि ओबीसी समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर केडर कैम्प को ऐतिहासिक और सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और व्यापक भागीदारी से ही समाज की एकजुटता तथा उसकी वास्तविक शक्ति प्रदर्शित होगी।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला सचिव सूर्य प्रकाश, सोमनाथ यादव, संतोष कश्यप, प्रवीण कौशिक, बलराम प्रसाद श्रीवास, धमके रजक, अजय यादव, जय कश्यप, सुनील यादव, विजय श्रीवास, दुर्गेश कौशिक, अनिल कौशिक, मनीष कौशिक, समीर कौशिक, दीपक कौशिक, संजय कौशिक, रामेश्वर संन्यास, बसंत वर्मा सहित बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
30 अगस्त को होगा संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि बिलासपुर में आयोजित होने वाले ओबीसी महासभा केडर कैम्प 2026 को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क किया जाएगा और समाज के अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।







