6 सितंबर को बिलासपुर में प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक; लंबित मांगों और भविष्य की रणनीति पर होगा मंथन
बिलासपुर। पेंशनरों के हक और लंबित मांगों को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश अब अपनी आगामी रणनीति को धार देने जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 6 सितंबर 2026 को नेहरू चौक के पास जलसंसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन, बिलासपुर में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर से महासंघ के पदाधिकारी जुटेंगे और संगठन की गतिविधियों से लेकर पेंशनरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन मंथन करेंगे।
बैठक के मुख्य अतिथि प्रख्यात भाषाविद्, साहित्यकार, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शोध समीक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग (कैबिनेट मंत्री दर्जा) तथा शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिलासपुर के हिंदी विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. विनय पाठक होंगे। वे भारतमाता के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रदेशभर से पहुंचे महासंघ के पदाधिकारियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
- लंबित मांगों से लेकर आंदोलन की रणनीति तक होगा मंथन
बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, पेंशनरों की लंबित मांगों, उनके समाधान के प्रयासों, आगामी कार्ययोजना और भविष्य की रणनीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि बैठक में पेंशनरों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन की आगामी दिशा और प्रदेश स्तर पर उठाए जाने वाले कदमों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव करेंगे।
यह जानकारी जारी संयुक्त विज्ञप्ति में पेंशनर्स महासंघ बिलासपुर संभाग के अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप, जिला अध्यक्ष राकेश जैन एवं मीडिया प्रभारी सत्येंद्र द्विवेदी ने दी है।







