कला की राजधानी रायगढ़ में “मधु गुंजन सतरंग 2025” का भव्य आगाज़
चार दिवसीय राष्ट्रीय नृत्य-संगीत महाकुंभ, 750 से अधिक कलाकार करेंगे प्रतिभा का प्रदर्शन
रायगढ़। कला एवं संस्कृति की नगरी रायगढ़ में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मधु गुंजन संगीत समिति एवं श्री वैष्णव संगीत महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चार दिवसीय राष्ट्रीय स्तर के आयोजन “मधु गुंजन सतरंग 2025” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। अखिल भारतीय नृत्य-संगीत कला प्रतियोगिता एवं उत्सव के रूप में यह आयोजन अपने पंचम वर्ष में प्रवेश कर चुका है और देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
इस प्रतिष्ठित महोत्सव का उद्घाटन 21 दिसंबर को प्रातः 9:00 बजे किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कला महाकुंभ में 350 से अधिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों से आए 750 से अधिक बाल एवं युवा कलाकार नृत्य व संगीत विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वहीं ड्राइंग एवं पेंटिंग विधा में लगभग 100 विद्यार्थी भाग लेंगे।
ड्राइंग एंड पेंटिंग प्रतियोगिता प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से प्रारंभ होगी, जिसका निर्णय उसी संध्या 8:00 बजे घोषित किया जाएगा।
-नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिताएं सुबह 9:00 बजे से संध्या 7:00 बजे तक आयोजित होंगी।
-संध्या 7:00 से 8:00 बजे के मध्य कुछ चुनिंदा प्रतिभाशाली बाल एवं युवा कलाकारों की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।
-पुरस्कार एवं सम्मान समारोह प्रतिदिन संध्या 8:00 बजे से आयोजित किया जाएगा।
प्रथम दिवस पर ही लगभग 95 प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें 180 प्रतिभागी भाग लेंगे। प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ निर्णायक बाहर से आमंत्रित किए गए हैं।
यह भव्य आयोजन रायगढ़ नगर पालिका के पंजरी प्लांट स्थित ऑडिटोरियम में संपन्न होगा।
श्री वैष्णव संगीत महाविद्यालय के संचालक एवं कार्यक्रम के आयोजक श्री शरद वैष्णव ने जानकारी देते हुए रायगढ़ की कला-प्रेमी जनता से अपील की है कि वे देश के विभिन्न राज्यों से पधारे नवोदित कलाकारों का उत्साहवर्धन करने हेतु अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाएं।
अधिक जानकारी अथवा किसी भी सहायता हेतु संपर्क करें:
8827477671, 8770830031
रायगढ़ एक बार फिर बनेगा सुर, ताल और रंगों का संगम — मधु गुंजन सतरंग 2025 में आपका स्वागत है! ✨















