बिलासपुर। प्रख्यात हिंदी साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल के निधन से पूरे साहित्य जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलते ही बिलासपुर में आयोजित होने वाला भव्य कवि सम्मेलन श्रद्धांजलि सभा में परिवर्तित हो गया और अंततः कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास, सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि और कवि सम्मेलन सुनने पहुंचे हजारों साहित्यप्रेमी उपस्थित थे। जैसे ही मंच से विनोद कुमार शुक्ल के निधन की सूचना दी गई, पूरा परिसर शोकमग्न हो गया।
मंच से उपस्थित अतिथियों, कवियों और आयोजकों ने दो मिनट का मौन रखकर महान साहित्यकार को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि विनोद कुमार शुक्ल हिंदी साहित्य की वह अमूल्य धरोहर थे, जिनकी सरल भाषा और गहन संवेदनशीलता ने पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनका जाना साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात आयोजकों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए कवि सम्मेलन को स्थगित करने की घोषणा की। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
इस अवसर पर पूरे कार्यक्रम स्थल पर शोक और सम्मान का वातावरण बना रहा, और उपस्थित हजारों लोगों ने नम आंखों से विनोद कुमार शुक्ल को अंतिम प्रणाम किया।















