बिलासपुर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बिलासपुर यादव समाज इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और सामाजिक एकता का भव्य संदेश देने जा रहा है। यादव समाज की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जन्माष्टमी पर पूर्व वर्ष की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
बैठक में समाज के युवा वर्ग ने विशेष उत्साह और रुचि दिखाते हुए आयोजन को यादगार बनाने की जिम्मेदारी संभालने का संकल्प लिया। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगी। समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है।
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल से गूंजेगा कृष्ण नाम
यादव समाज की प्रस्तावित शोभायात्रा लाल बहादुर शास्त्री स्कूल से प्रारंभ होगी। यहां से शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बृहस्पति बाजार गार्डन स्थित बी.आर. यादव जी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगी, जहां इसका समापन किया जाएगा।
समाज के पदाधिकारियों और युवाओं का कहना है कि यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यादव समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सहभागिता का भव्य प्रदर्शन होगा। भगवान श्रीकृष्ण की झांकी, भक्ति गीतों और उत्साह से सराबोर यह शोभायात्रा शहर में जन्माष्टमी के पर्व को खास बनाने की तैयारी में है।
इस बार यादव समाज का संकल्प साफ है—पिछली बार से बड़ा आयोजन, पहले से ज्यादा उत्साह और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता बिलासपुर।







