बिलासपुर: सूर्य उपासना के सबसे बड़े लोक आस्था के महापर्व ‘छठ पूजा’ को लेकर बिलासपुर का अरपा तट पूरी तरह सजकर तैयार हो चुका है। तोरवा छठ घाट पर शनिवार को छठ पूजा समिति के 50 से अधिक स्वयंसेवकों ने पांच घंटे तक लगातार श्रमदान कर एक किलोमीटर लंबे घाट की भव्य सफाई की। छठी मैया के जयकारों के बीच पूरे घाट पर झाड़ू लगाने के साथ-साथ रंग-रोगन, पुल की पुताई और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा का कार्य किया गया है।
36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प
इधर, घरों में श्रद्धा और पवित्रता के साथ खरना का पारंपरिक प्रसाद तैयार किया गया। संध्या बेला में प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों ने कठिन 36 घंटे के निर्जला उपवास का संकल्प लिया। आज शाम अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को और सोमवार की सुबह उदीयमान (उगते) सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। तोरवा छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
26 साल से गढ़ रही है आपसी भाईचारे की मिसाल
संस्कारधानी बिलासपुर में सामूहिक छठ पूजा की शुरुआत को 26 वर्ष पूरे हो चुके हैं। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहकार से शुरू हुई यह परंपरा अब किसी एक समाज की सीमा में न रहकर पूरे शहर का साझा उत्सव बन चुकी है। इसमें भाषा, क्षेत्र और जाति की सीमाएं पीछे छूट जाती हैं।
एशिया का सबसे बड़ा स्थायी छठ घाट
अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित यह छठ घाट ‘एशिया के सबसे बड़े मानव निर्मित स्थायी छठ घाट’ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। पर्व के दौरान यहां सजे हुए सूप, फल, दीप और पारंपरिक पूजन सामग्रियों से पूरा परिसर लोक संस्कृति की अद्भुत और भव्य तस्वीर पेश करता है।
इन श्रमवीरों का रहा विशेष योगदान
घाट की सफाई और व्यवस्था में छठ पूजा समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा, अभय नारायण राय, डॉ. धर्मेंद्र दास, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, दिलीप चौधरी, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, डीके सिंह, मुकेश झा, ललित झा, अमरकांत तिवारी, शैलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर और निर्भय चौधरी सहित तमाम स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा ने कहा कि छठ महापर्व केवल पूजा का नाम नहीं, बल्कि यह सेवा, स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की है कि वे पर्व की पवित्रता और नदी की स्वच्छता बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें।







