
दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर होगा बिलासपुर का मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ राज्य के दिग्गज भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रहे दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर अब बिलासपुर स्थित कोनी में नवनिर्मित मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल का नामकरण किया जाएगा। यह फैसला मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के समन्वय में लिया गया है, जो बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की मांग पर किया गया।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने 7 मार्च 2024 को मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर इस अस्पताल का नाम दिलीप सिंह जूदेव के नाम पर रखने की अपील की थी। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि दिलीप सिंह जूदेव का छत्तीसगढ़ राज्य के विकास में योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण था और उन्होंने प्रदेश को एक मजबूत पहचान दी है। उनके योगदान को सम्मानित करने के लिए अस्पताल का नामकरण उनकी स्मृति में किया जाना चाहिए।
स्व. दिलीप सिंह जूदेव छत्तीसगढ़ राज्य के विकास में एक अहम भूमिका निभाने वाले नेता थे। उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ “आपरेशन घर वापसी” अभियान चलाया और छत्तीसगढ़ राज्य की राजनीति को दिशा दी। वे जांजगीर और बिलासपुर लोकसभा के सांसद रहे और राज्यसभा सदस्य भी थे। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
गणमान्य नेताओं और जनता की तरफ से इस निर्णय का स्वागत किया गया है।