दिव्यांगजनों के अधिकार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान

बिलासपुर। समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय और सेवा-समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले शैलेंद्र सिंह कछवाहा को एनएचआई केयर फाउंडेशन द्वारा ‘राष्ट्रीय लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। सागा लेआउट, शुभम विहार निवासी कछवाहा को यह सम्मान उनके सामाजिक सरोकारों, जनसेवा तथा दिव्यांगजनों के अधिकार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में पूर्व अध्यक्ष, राजभाषा आयोग छत्तीसगढ़ एवं थावे विद्यापीठ, बिहार के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने शैलेंद्र सिंह कछवाहा को सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कछवाहा बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं और समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर प्रयासों के माध्यम से सामाजिक चेतना को जागृत करने में विशिष्ट योगदान दे रहे हैं।
दिव्यांगजनों के लिए काम को बताया प्रेरणादायी
डॉ. पाठक ने कहा कि निःस्वार्थ जनसेवा तथा दिव्यांगजनों के अधिकार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए कछवाहा के लगातार किए जा रहे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में प्रयास प्रकाशन के अध्यक्ष डॉ. राघवेंद्र दूबे ने कछवाहा के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व आईएसएस डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने उन्हें सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि समाज के प्रति कछवाहा की सेवा-भावना और प्रतिबद्धता दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र की हस्तियों ने दी बधाई
मानस मर्मज्ञ एवं वरिष्ठ साहित्यकार विष्णु कुमार तिवारी ने कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मान की खबर सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने भी शैलेंद्र सिंह कछवाहा को बधाई दी।
समारोह में डॉ. राघवेंद्र दूबे, राज सिंह कछवाहा, अरुणा सिंह कछवाहा, ऊषा श्रीवास्तव, शरद श्रीवास्तव, भूपेंद्र श्रीवास्तव, रजनीश श्रीवास्तव, गुड्डा कश्यप, शीतल पाटनवार, राम निहोरा राजपूत, डॉ. विवेक तिवारी, अंजनी कुमार तिवारी, रक्कू वर्मा, अभिलाष श्रीवास्तव, अमन श्रीवास्तव, निशांत श्रीवास्तव और प्रदीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित होने के बाद शैलेंद्र सिंह कछवाहा का नाम अब बिलासपुर की सामाजिक सेवा से जुड़े उन चेहरों में शामिल हो गया है, जिनके काम को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।







