लोकनृत्य से लेकर रॉक बैंड तक… जिले के युवा दिखाएंगे अपना जलवा
बिलासपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव 15 और 16 दिसम्बर को राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में होने जा रहा है। जिलेभर के युवा अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा का जोश दिखाने के लिए इस मंच पर जुटेंगे।
15 दिसम्बर को सुबह 10 बजे से प्रतिभागी लोक नृत्य, पंथी, राउत नाचा, सुआ, करमा जैसी पारंपरिक विधाओं में अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन साइंस मेला, कहानी लेखन और कविता लेखन प्रतियोगिताएँ भी आयोजित होंगी।
16 दिसम्बर को उत्सव और रोमांचक होगा जब प्रतिभागी एकांकी नाटक, पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, रॉक बैण्ड, वाद-विवाद और चित्रकला जैसी विविध प्रतियोगिताओं में अपना हुनर दिखाएंगे।
प्रतिभागिता पात्रता:
- प्रतिभागी: 15 से 29 वर्ष
- संगतकार: 18 से 40 वर्ष
- ध्यान रहे, एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा।
जिला स्तरीय विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि दी जाएगी। साथ ही उन्हें राज्य स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
सबसे खास—लोकनृत्य, लोककला, चित्रकला, वाद-विवाद और कविता लेखन में चयनित विजेताओं को 10 से 12 जनवरी 2026, नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाईट पर उपलब्ध है: http//sportsyw.cg.gov.in















