बिलासपुर। शहर के पत्रकार जगत से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्य सरफराज मेमन के सुपुत्र मोहम्मद अल्फाज बीती रात एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उन्हें सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर प्रेस क्लब एकजुट नजर आया। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल सर्किट हाउस पहुंचा और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घायल युवक के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
इस मौके पर पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप अग्रवाल, शादाब खान और अमन सिंह सहित कई गणमान्य पत्रकार उपस्थित रहे।
फिलहाल मोहम्मद अल्फाज की हालत पर सभी की नजरें टिकी हैं और पूरे पत्रकार समुदाय द्वारा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।















