तखतपुर | टेकचंद कारड़ा की रिपोर्ट
पुलिस विभाग से एक अत्यंत हृदयविदारक समाचार सामने आया है। जरहागांव थाना प्रभारी निरीक्षक नंदलाल पैकरा का शासकीय कर्तव्य के दौरान राजस्थान में एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वे गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के सिलसिले में राजस्थान गए हुए थे, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अचानक घटित इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
निरीक्षक नंदलाल पैकरा को एक कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और जनसंवेदनशील अधिकारी के रूप में जाना जाता था। वे हर मामले में गंभीरता, मानवीय दृष्टिकोण और अनुशासन के लिए पहचाने जाते थे। गुम इंसान की तलाश जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन करते हुए उनका इस तरह असमय जाना पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है और विभागीय स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
कर्तव्य की राह पर चलते हुए एक ईमानदार अधिकारी का यूं चला जाना पूरे प्रदेश के लिए गहरा आघात है।
नंदलाल पैकरा का नाम सदैव एक समर्पित पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दे।















