बिलासपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर कतर की राजधानी दोहा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन में बिलासपुर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक एवं समाजसेवी भूपेंद्र श्रीवास्तव को साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘हिन्दी काव्य गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन बेस्टी एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट मंच, दोहा, कतर के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। शिक्षक दिवस के विशेष अवसर पर आयोजित इस साहित्यिक आयोजन में देश-विदेश से जुड़े साहित्यकारों और कवियों की सहभागिता रही।
भूपेंद्र श्रीवास्तव बिलासपुर स्थित ओपन यूनिवर्सिटी में कार्यरत होने के साथ-साथ लंबे समय से साहित्य, कविता, लेखन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। उनके साहित्यिक योगदान और हिन्दी भाषा के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
दोहा के अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिलासपुर के साहित्यकार को मिले इस सम्मान से शहर के साहित्यिक एवं सामाजिक क्षेत्र में खुशी की लहर है। सम्मान की खबर सामने आते ही समाज के विभिन्न वर्गों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने श्रीवास्तव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।







