राज्य युवा महोत्सव में बड़ी लापरवाही: बेहोश हुई कलाकार को नहीं मिला स्वास्थ्य विभाग का लाभ
बिलासपुर। बहतराई स्टेडियम में आयोजित राज्य युवा महोत्सव का आज समापन समारोह था। आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से RMA मधुरिमा श्रीवास, स्टाफ नर्स आकांक्षा साहू और RHO मधुसूदन धुरी की ड्यूटी लगाई गई थी।
लेकिन तमाम तैयारियों के बावजूद आयोजन स्थल पर एक गंभीर लापरवाही सामने आई। सीवी रमन यूनिवर्सिटी की ओर से सुआ नृत्य की प्रस्तुति देने पहुंची कलाकार अनन्या पांडे अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना की सूचना कंट्रोल रूम से स्वास्थ्य विभाग की टीम को दी गई, लेकिन कायदे से मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार देने के बजाय टीम ने अनन्या को ही अपने पास बुलवाया।
स्वास्थ्य टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिसके चलते स्थिति और बिगड़ गई। आनन-फानन में दो लोगों ने अनन्या को बाइक पर बैठाकर पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे उपचार मिला। सवाल यह है कि राज्य स्तरीय आयोजन में तैनात स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी के बावजूद एक कलाकार को इस तरह निजी साधनों से अस्पताल ले जाना क्यों पड़ा?
मामले की जानकारी लेने जब हमारी NHI की टीम ने जिला खेल अधिकारी एक्का से संपर्क किया तो उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से बचते हुए कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि कौन लड़की बेहोश हुई, और कंट्रोल रूम से पता करने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
वहीं, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना भी जरूरी नहीं समझा।
बेहोश हुई कलाकार से जुड़ी पूरी जानकारी हमारी टीम को बिलासपुर दल प्रभारी से प्राप्त हुई।
राज्य युवा महोत्सव जैसे बड़े आयोजन में स्वास्थ्य सेवाओं की यह लापरवाही कई सवाल खड़े करती है। अगर समय पर गंभीर स्थिति बन जाती तो जिम्मेदार कौन होता? क्या ऐसे आयोजनों में केवल कागजी व्यवस्थाएं ही की जाती हैं?
यह घटना प्रशासन और संबंधित विभागों के लिए चेतावनी है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में स्वास्थ्य और सुरक्षा को केवल औपचारिकता न बनाकर जमीनी स्तर पर जिम्मेदारी से निभाया जाए।















