बिलासपुर। प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी एवं गहोई वैश्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में 17 मई 2026, सायं 6 बजे शासकीय जे.पी. वर्मा कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में “गौरव ग्रन्थ – राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त” का भव्य विमोचन एवं साहित्यिक विमर्श आयोजित किया जाएगा।
यह विशेष ग्रंथ हिंदी साहित्य के अमर हस्ताक्षर मैथिलीशरण गुप्त के व्यक्तित्व और कृतित्व को समर्पित है, जिसका संपादन श्री मनोहर लाल बरसैंया, डॉ. मीतू बरसैंया एवं डॉ. विनोद कुमार गुप्त ने किया है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति चन्द्र भूषण वाजपेई होंगे, जबकि अध्यक्षता डॉ. विनय कुमार पाठक करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. श्यामलाल निराला, लक्ष्मीनारायण बिलैया एवं डॉ. आर.के. गांधी भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की दुर्लभ कृतियों की प्रदर्शनी एवं विक्रय भी किया जाएगा, जिसे साहित्य प्रेमियों के लिए “साहित्यिक महाकुंभ” माना जा रहा है। आयोजन में देशभर के साहित्यकार, शोधार्थी, विद्यार्थी और हिंदी प्रेमी शामिल होंगे।
प्रयास प्रकाशन के संचालक पीयूष नीखरा ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में पुस्तक-पठन संस्कृति को बढ़ावा देना और हिंदी साहित्य के प्रति जागरूकता पैदा करना है।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रयास प्रकाशन साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व आई.एस.एस. अधिकारी डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव तथा कोषाध्यक्ष विष्णु कुमार तिवारी ने सभी साहित्यप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
यह आयोजन न केवल एक पुस्तक विमोचन होगा, बल्कि हिंदी साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की अमर रचनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का एक ऐतिहासिक प्रयास भी बनेगा।















